Quoteప్రజల హృదయపూర్వక మద్దతు ఉన్నప్పటికీ ఓటు బ్యాంకు రాజకీయాల కారణంగా TMC CAA ని వ్యతిరేకిస్తుంది: కృష్ణనార్ ప్రేక్షకులకు ప్రధాని మోదీ
Quoteబెంగాల్ పురోగతి మరియు అభివృద్ధి కోసం, వీలైనంత ఎక్కువ మంది బీజేపీ ఎంపీలను ఎన్నుకోవడం చాలా కీలకం: కృష్ణనగర్ ర్యాలీలో ప్రధాని మోదీ

नमोश्कार।
हरे कृष्णो।
केमन आछेन नोदिया बाशी?
मेरे साथ बोलिए, भारत माता की। भारत माता की। भारत माता की।
चैतन्य महाप्रभु की इस महान धरती को मेरा शत-शत नमन।

रानाघाट-बहरामपुर सीटों से भी लोगों का खूब-खूब अभिनंदन। आप इतनी बड़ी संख्या में मुझे आशीर्वाद देने आए हैं। यहां इतनी बड़ी संख्या में माताएं-बहनें आशीर्वाद दे रही हैं। ये मेरा परम सौभाग्य है। मैं सर झुकाकर आप सबको प्रणाम करता हूं। अभी मैं हेलीपैड से यहां आ रहा था, दो-ढाई किलोमीटर का रास्ता, ऐसा रोड-शो, ऐसा रोड-शो, जितने लोग यहां हैं, उससे चार गुना लोग वहां रोड पर, ये प्यार ये आशीर्वाद, ये मेरे लिए बहुत बड़ी ऊर्जा है।

|

भाइयों और बहनों,

ये चुनाव देश के चुनाव हैं। ये पूरे हिंदुस्तान के लिए सरकार चुनने का अवसर है। देश में सरकार कौन बना सकता है? TMC तो पूरे देश में 15 सीट भी नहीं जीत सकती। अब आप मुझे बताइए, क्या TMC 15 सीट लेकरके सरकार बना सकती है क्या? जरा मुझे जवाब दीजिए, 15 सीट लाकर TMC सरकार बना सकती है क्या? जोर से बताइए, बना सकती है क्या? कांग्रेस भी पूरे देश में कितना ही जोर लगा दे, कितना ही जोर लगा दे, इस आधी सेंचुरी करना मुश्किल है। 50 सीट के लिए भी वो बहुत मुश्किल में है। अब मुझे बताइए, 50 सीट भी नहीं मिल रही है, तो क्या वो सरकार बना सकते हैं क्या? ये वाम मोर्चा कभी यहां पर उसका सूरज ढलता नहीं था। आज कहीं लाल झंडा नजर नहीं आ रहा है। वो तो पस्त पड़ा हुआ है। क्या वो भी सरकार बना सकता है क्या? इस चुनाव में साफ-साफ है, अगर कोई सरकार बना सकता है तो वो सिर्फ और सिर्फ BJP-NDA की सरकार ही बनेगी। मेरा आप सब से प्रार्थना है, अब जगह बिलकुल नहीं है, कृपा करके आप जहां हैं वहीं से सुन लीजिए, आप मुझे देख नहीं पाएंगे, मैं इसके लिए क्षमा मांगता हूं। लेकिन आप आगे आने की कोशिश मत कीजिए। बोलिए भारत माता की। भारत माता की। अभी तो बहस बस इतनी है कि NDA 400 पार होगा या नहीं ! जो विरोधी कहते हैं कि 400 पार नहीं होगा, जो लोग मैदान में काम कर रहे हैं वो कहते हैं बिलकुल 400 पार करेगा। औऱ इंडी वालों की लड़ाई बस इस बात पर है कि लोकसभा में विपक्ष का बड़ा दल कौन बनेगा। ये लोग इसी के लिए लड़ रहे हैं। तो फिर मोदी को किसलिए इतने ज्यादा MP चाहिए। मोदी को ज्यादा MP इसलिए चाहिए ताकि वो हर संसदीय क्षेत्र को आगे बढ़ा सके। आज देश में कनेक्टिवटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, गांव गरीब, किसान, महिलाओं से जुड़े कितने काम हो रहे हैं...अगर आपके यहां BJP-NDA के सांसद होंगे तो और तेजी से विकास होगा। BJP-NDA के सांसद अपनी मेहनत ने अपने क्षेत्र में 5-5, 10-10 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट ले जाते हैं। आपने BJP सांसदों को देखा होगा, पिछले पांच साल उन्होंने इतनी मेहनत की है। अपने क्षेत्र का इतना विकास किया है, अगर यहां से भी आप बीजेपी के सांसद चुनते हैं तो विकास में ताकत लगाता है। विरोधी चुनते हैं तो हाउस में हो-हल्ला करने में टाइम बिगाड़ता है।

साथियों,

मैं जानता हूं। TMC-कांग्रेस-लेफ्ट के इंडी-अलायंस पर भरोसा आप लोग खो चुके हैं। आप चाहते हैं यहां TMC के तोलाबाज़ों और महिलाओं पर जुल्म करने वालों को कड़ी सजा मिले। जिस TMC ने गरीब का राशन तक नहीं छोड़ा, उससे उम्मीद ही क्या की जा सकती है। इसलिए, गांव हो या शहर, हर कोई एक ही बात कह रहा है- फिर एक बार-मोदी सरकार! आबार एकबार मोदी शोरकार। मैं कृष्णानगर को, राणाघाट को, बहरामपुर को गारंटी देता हूं। जिन-जिन को TMC ने लूटा है, उनका हिसाब किया जाएगा। इतना ही नहीं, जहां कानून के हिसाब से संभव हुआ, वहां पीड़ितों को उनका पैसा लौटाया जाएगा। ये मोदी की गारंटी है- एटा मोदीर गैरेंटी।

साथियों,

मुझे यहां के मेरे साथी बता रहे थे कि पहले यहां कितनी फैक्ट्रियां हुआ करती थीं। एक समय पूरा बंगाल इंडस्ट्री के मामले में कितना आगे था। लेकिन कांग्रेस, लेफ्ट और फिर TMC ने सारे उद्योगों को बर्बाद कर दिया। लाल झंडे वाले ताले लगाते रहते थे। जहां तोलाबाज़ी हो, दंगे हों, वहां कौन निवेश करने आएगा?

भाइयों और बहनों,

TMC-कांग्रेस-लेफ्ट का इंडी-अलायंस सिर्फ एक ही काम जानता है। और वो काम है- तुष्टिकरण, वोट बैंक की राजनीति। आप जानते हैं कि कांग्रेस ने देश का विभाजन, धर्म के आधार पर किया। इसमें उन हिंदुओं, सिखों, बौद्ध, जैन, पारसी, ईसाई साथियों का क्या दोष था, जो बॉर्डर के उस पार रह गए। ऐसे साथियों का ध्यान रखने की गारंटी, देश के विभाजन के समय दी गई थी। लेकिन आजादी के बाद इस बात को भुला दिया गया। मैं यहां भी जब मतुआ समुदाय के लोगों से मिलता हूं, मुझे उनकी पीड़ा समझ आती है। उनकी पीड़ा सुनकर दर्द होता है। ऐसे हर व्यक्ति की पीड़ा दूर करने के लिए ही हमारी सरकार ने मतुआ समुदाय जैसे सभी बंधुओं को न्याय देने के लिए CAA लाने का साहस किया। लेकिन TMC इसका सबसे ज्यादा विरोध कर रही है। लोगों को उम्मीद थी कि TMC इसका सबसे ज्यादा समर्थन करेगी। लेकिन TMC के लिए वोटबैंक की राजनीति सर्वोपरि है। और अब तो इन लोगों ने हद ही कर दी है। ये लोगों के बीच CAA के बारे में दुष्प्रचार भी कर रहे हैं। TMC को किसी पीड़ित हिंदू को अधिकार मिलने से एलर्जी है। लेकिन TMC को ये पता होना चाहिए, कि वो CAA को लागू होने से रोक नहीं सकती। और मैं CAA के माध्यम से भारत की नागरिकता मांग रहे हर व्यक्ति को आज विश्वास दिलाता हूं। उन्हें उनका हक मिलकर रहेगा, उन्हें हर सरकारी योजना का लाभ मिलकर रहेगा। ये मोदी की गारंटी है।

साथियों,

पश्चिम बंगाल का इतिहास देश को दिशा देने वाला रहा है। यहां राजा कृष्ण चंद्र जी के सुशासन और भारत भक्ति की विरासत है। जिन्होंने हमारी आस्था, हमारी संस्कृति को बचाने के लिए काम किया। यहां के विकास के लिए अपना बहुत कुछ दान कर दिया। लेकिन TMC वाले ऐसी विरासत को ही बदनाम करने में जुटे हैं। आज देखिए, देश के इतिहास में शायद ही कोई ऐसी सरकार रही हो, जिसको आए दिन कोर्ट को याद दिलाना पड़ता है कि उसकी ड्यूटी क्या है। TMC सरकार ऐसा कोई काम करती ही नहीं, जो संविधान और कानून के मुताबिक हो, जो लोकतंत्र के मुताबिक हो। इसका एक बहुत बड़ा उदाहरण संदेशखाली है। संदेशखाली में क्या चल रहा है, ये TMC के टॉप लीडर्स को पहले से पता था। लेकिन संदेशखाली की बहनों से ज्यादा, वो अत्याचारी इनके काम का था। देखिए, कैसे-कैसे हथियार, कैसे-कैसे सामान मिल रहे हैं। क्या ये गोला-बारूद, ये बम-बंदूक, गणतंत्र को मज़बूत करने के लिए रखे थे?

|

साथियों,

कल मैं जब बंगाल पहुंचा था, तो मुझसे कई Ex.Servicemen मिलने के लिए आए थे। उन्होंने मुझे OROP के लिए बहुत धन्यवाद किया। वो इतने भाव-विभोर थे कि हमारा 40 साल पुराना वन रैंक वन पेंशन का मामला आपने सुलझा दिया। और लाखों करोड़ रुपया ये हमने Ex.Servicemen को पहुंचाए। जिन लोगों ने राष्ट्र की सेवा के लिए अपने पूरे जीवन काम किया, आज बंगाल में उनका शोषण हो रहा है। इन लोगों ने कल मुझसे इस बारे में विस्तार से बात की है। आज मैं इस मंच से हमारे Ex.Servicemen, जिनको बंगाल की धरती पर, टीएमसी सरकार लगातार अन्याय करती है, मैं उनको विश्वास दिलाता हूं कि बंगाल की भारतीय जनता पार्टी आपके साथ खड़ी रहेगी और आपकी मुसीबतों को दूर करने के लिए मेरे तीसरे टर्म में भारत सरकार हर कानूनी काम में आपकी मदद करेगी ये मैं सभी Ex.Servicemen को विश्वास दिलाता हूं। भारतीय जनता पार्टी और हमारी सरकार ऐसे हर Ex.Servicemen की मदद करेगी।

भाइयों और बहनों,

मोदी, गरीब, दलित, आदिवासी और महिलाओं को सशक्त करने में जुटा है। मोदी आज आपको पक्का घर दे रहा है। मोदी ने आपको मुफ्त राशन दिया है, नल से जल की सुविधा दी है। ऐसी हर योजना से हमारी बहनों को बहुत सुविधा हुई है। अब मोदी आपके लिए एक और बहुत बड़ी योजना लेकर आया है। आपके घर का बिजली का बिल ज़ीरो हो, इसके लिए पीएम सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना मैंने शुरु की है। आपको सरकार छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए मदद देगी और अगर ज़रूरत से ज्यादा बिजली पैदा हुई, तो आप उसको बेच सकेंगे और सरकार उसको आपसे खरीद लेगी।

साथियों,

यहां बहुत बड़ी संख्या में सेल्फ हेल्प ग्रुप्स से जुड़ी बहनें भी हैं। मोदी सरकार के 10 साल में पूरे देश में 10 करोड़ महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी हैं। ये देश में बहुत बड़ी क्रांति हुई है। मोदी ने इन 10 करोड़ महिलाओं को बिना बैंक गारंटी साढ़े आठ लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की मदद की है। मोदी जब भारत में बने सामानों पर जोर देता है, तो इसका लाभ भी सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं को होता है। इसी वजह से आज सेल्फ हेल्प ग्रुप की एक करोड़ से अधिक बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। एक करोड़ लखपति दीदी बड़ा आंकड़ा है, लेकिन मोदी आराम से बैठने वाला नहीं है। अब मेरा लक्ष्य है, मेरा टारगेट है, आने वाले टर्म में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाना है।

साथियों,

मोदी के इन प्रयासों के बीच, देश TMC सरकार की क्रूरता भी देख रहा है। मोदी ने देश के हर परिवार के हर बुजुर्ग को मुफ्त इलाज देने की गारंटी दी है। मुफ्त अनाज भी दे रहे हैं, मुफ्त इलाज भी दे रहे हैं। लेकिन यहां TMC सरकार आयुष्मान भारत योजना लागू ही नहीं होने दे रही है। मोदी पैसा सीधा अस्पताल में भेजता है। ये कहते हैं कि पैसा पहले TMC के खाते में डालो। क्यों भाई? मोदी पैसा TMC को इसलिए भेजे ताकि TMC उसे लूट लें। ऐसा नहीं होगा। मोदी आपके घर का पैसा भी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डालता है। ये कहते हैं कि पहले TMC के खाते में पैसा डालो। मनरेगा का पैसा भी मोदी सीधे लाभार्थी के खाते में देना चाहता है। लेकिन TMC कहती है कि पहले TMC के खाते में पैसा डालो। मोदी का फॉर्मूला ही डायरेक्ट बेनिफिट का है- कोई बिचौलिया नहीं, सीधा बैंक में पैसा ट्रांसफर। लेकिन TMC की सरकार को ये पसंद नहीं आता, इसलिए कितनी ही केंद्र सरकार की योजनाएं वो रोक कर बैठी है।

|

भाइयों और बहनों,

TMC सरकार ने यहां के जूट किसानों को बर्बाद करने में भी कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी है। जूट की खेती को बढ़ावा मिले, जूट की मिलों को बढ़ावा मिले, इसके लिए हम जूट के बैग को प्रोत्साहन देते हैं। हाल में ही जूट के लिए MSP, 285 रुपए बढ़ाया है। अब जूट का MSP प्रति क्विंटल पांच हजार तीन सौ पैंतीस रुपए है। लेकिन यहां के किसान बताते हैं कि उनकी जेब में बहुत कम पैसा पहुंचता है।

साथियों,

बंगाल में बुनकरों को केंद्र सरकार ने लूम दिए हैं, ट्रेनिंग दी, धागे के लिए ट्रांसपोर्टेशन और उसके दाम में सब्सिडी दी है। लेकिन TMC ने यहां हैंडलूम उद्योग को भी बर्बाद कर दिया है। यहां टैराकोटा आर्ट है, मिट्टी की कला है। ऐसे विश्वकर्मा साथियों के लिए मैंने पीएम विश्वकर्मा योजना बनाई है। लेकिन TMC सरकार ये योजना भी यहां लागू नहीं होने दे रही है।

साथियों,

बंगाल को बचाने के लिए, बंगाल में तेज विकास के लिए बंगाल में ज्यादा से ज्यादा बीजेपी सांसद जीतने जरूरी हैं। इसलिए ज़रूरी है कि... कृष्णानगर से राजमाता अमृता रॉय जी, रानाघाट से जगन्नाथ सरकार जी, बहरामपुर से निर्मल कुमार साहा जी, को आप भारी मतों से विजयी बनाकर आप संसद में भेजिए। इनको मिलने वाला हर वोट, आप कमल पे बटन दबाएंगे, वो वोट सीधा-सीधा मोदी के खाते में जाएगा। मोदी मजबूत होगा तो बंगाल को भी मजबूत करेगा। आपको भी मजबूत करेगा।
आइए, घर-घर जाइएगा और कहिएगा कि मोदी जी ने आपको नमस्कार कहा है।

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

Explore More
78వ స్వాతంత్ర్య దినోత్సవ వేళ ఎర్రకోట ప్రాకారం నుంచి ప్రధాన మంత్రి శ్రీ నరేంద్ర మోదీ ప్రసంగం

ప్రముఖ ప్రసంగాలు

78వ స్వాతంత్ర్య దినోత్సవ వేళ ఎర్రకోట ప్రాకారం నుంచి ప్రధాన మంత్రి శ్రీ నరేంద్ర మోదీ ప్రసంగం
How PM Mudra Yojana Is Powering India’s Women-Led Growth

Media Coverage

How PM Mudra Yojana Is Powering India’s Women-Led Growth
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Viksit Haryana for Viksit Bharat, this is our resolve: PM Modi in Yamuna Nagar, Haryana
April 14, 2025
QuoteViksit Haryana for Viksit Bharat, this is our resolve: PM
QuoteOur effort is to increase the production of electricity in the country, lack of electricity should not become an obstacle in nation building: PM
QuotePM Suryagarh Muft Bijli Yojana started by us can reduce electricity bill to zero by installation of solar panels : PM
QuoteOur effort is to increase the potential of the farmers of Haryana: PM

हरियाणा के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्रीमान नायब सिंह सैनी जी, केंद्रीय मंत्रिमंडल के मेरे सहयोगी मनोहर लाल जी, राव इंद्रजीत सिंह जी, कृष्णपाल जी, हरियाणा सरकार के मंत्रिगण, सांसद और विधायकगण और मेरे प्यारे भाईयों और बहनों। हरियाणा के मेरे भाई-बेहणा ने मोदी की राम-राम।

साथियों,

आज मैं उस धरती को प्रणाम करता हूं, जहां मां सरस्वती का उद्गम हुआ। जहां मंत्रा देवी विराजती हैं, जहां पंचमुखी हनुमान जी हैं, जहां कपालमोचन साहब का आशीर्वाद है, जहां संस्कृति, श्रद्धा और समर्पण की त्रिवेणी बहती है। आज बाबा साहेब अंबेडकर जी की एक सौ पैंतीसवीं जयंती भी है। मैं सभी देशवासियों को अंबेडकर जयंती की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। बाबा साहेब का विजन, उनकी प्रेरणा, निरंतर विकसित भारत की यात्रा में हमें दिशा दिखा रही है।

साथियों,

यमुनानगर सिर्फ एक शहर नहीं, ये भारत के औद्योगिक नक्शे का भी अहम हिस्सा है। प्लाईवुड से लेकर पीतल और स्टील तक, ये पूरा क्षेत्र भारत की अर्थव्यवस्था को मज़बूती देता है। कपाल मोचन मेला, ऋषि वेदव्यास की तपोभूमि और गुरु गोविंद सिंह जी की एक प्रकार से शस्त्र भूमि।

|

साथियों,

ये आपने आप में एक गरिमा बढ़ाने वाली बात है। और यमुनानगर के साथ तो, जैसे अभी मनोहर लाल जी बता रहे थे, सैनी जी बता रहे थे, मेरी कई पुरानी यादें जुड़ी हुई हैं। जब मैं हरियाणा का प्रभारी था, तो पंचकूला से यहां आना-जाना लगा रहता था। यहां काफी सारे पुराने कार्यकर्ताओं के साथ मुझे काम करने का अवसर मिला है। ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं की ये परंपरा आज भी चल रही है।

साथियों,

हरियाणा लगातार तीसरी बार, डबल इंजन सरकार के विकास की डबल रफ्तार को देख रहा है। और अब तो सैनी जी कह रहे हैं ट्रिपल सरकार। विकसित भारत के लिए विकसित हरियाणा, ये हमारा संकल्प है। इस संकल्प की सिद्धि के लिए, हरियाणा के लोगों की सेवा के लिए, यहां के युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए, हम ज्यादा स्पीड से, ज्यादा बड़े स्केल पर काम करते रहते हैं। आज यहां शुरू हुई विकास परियोजनाएं, ये भी इसी का जीता जागता उदाहरण हैं। मैं हरियाणा के लोगों को इन विकास परियोजनाओं के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

साथियों,

मुझे गर्व है कि हमारी सरकार बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाते हुए चल रही है। बाबा साहेब अंबेडकर ने उद्योगों के विकास को सामाजिक न्याय का मार्ग बताया था। बाबा साहेब ने भारत में छोटी जोतों की समस्या को पहचाना था। बाबा साहेब कहते थे कि, दलितों के पास खेती के लिए पर्याप्त जमीन नहीं है, इसलिए दलितों को उद्योगों से सबसे अधिक फायदा होगा। बाबा साहेब का विजन था कि, उद्योगों से दलितों को ज्यादा रोजगार मिलेंगे और उनका जीवन स्तर ऊपर उठेगा। भारत में औद्योगीकरण की दिशा में बाबा साहेब ने देश के पहले उद्योग मंत्री डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ मिलकर काम किया था।

|

साथियों,

औद्योगीकरण और मैन्यूफैक्चरिंग के इस तालमेल को दीनबंधु चौधरी छोटू राम जी ने भी गांव की समृद्धि का आधार माना था। वो कहते थे- गाँवों में सच्ची समृद्धि तब आएगी, जब किसान खेती के साथ-साथ छोटे उद्योगों के माध्यम से भी अपनी आय बढ़ाएगा। गांव और किसान के लिए जीवन खपाने वाले चौधरी चरण सिंह जी की सोच भी इससे अलग नहीं थी। चौधरी साहब कहते थे- औद्योगिक विकास को कृषि का पूरक होना चाहिए, दोनों हमारी अर्थव्यवस्था के स्तंभ हैं।

साथियों,

मेक इन इंडिया के, आत्मनिर्भर भारत के, मूल में भी यही भावना है, यही विचार है, यही प्रेरणा है। इसलिए, हमारी सरकार भारत में मैन्युफेक्चरिंग पर इतना बल दे रही है। इस वर्ष के बजट में हमने, मिशन मैन्युफेक्चरिंग की घोषणा की है। इसका मकसद है कि, दलित-पिछड़े-शोषित-वंचित नौजवानों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिले, नौजवानों को ज़रूरी ट्रेनिंग मिले, व्यापार-कारोबार का खर्चा कम हो, MSME सेक्टर को मजबूती मिले, उद्योगों को टेक्नॉलॉजी का लाभ मिले और हमारे उत्पाद दुनिया में सबसे बेहतरीन हों। इन सारे लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए बहुत जरूरी है कि, देश में बिजली की कोई कमी ना हो। हमें एनर्जी में भी आत्मनिर्भर होना ही होगा। इसलिए आज का ये कार्यक्रम बहुत अहम है। आज दीनबंधु चौधरी छोटूराम थर्मल पावर प्लांट की तीसरी इकाई का काम शुरू हुआ है। इसका फायदा यमुनानगर को होगा, उद्योगों को होगा भारत में जितना औद्योगिक विकास, जैसे प्लाईवुड बनता है, उसका आधा तो यमुनानगर में होता है। यहां एल्युमिनियम, कॉपर और पीतल के बर्तनों की मैन्युफैक्चरिंग बड़े पैमाने पर होती है। यहीं से पेट्रो-केमिकल प्लांट के उपकरण दुनिया के कई देशों में भेजे जाते हैं। बिजली का उत्पादन बढ़ने से इन सभी को फायदा होगा, यहां मिशन मैन्यूफैक्चरिंग को मदद मिलेगी।

साथियों,

विकसित भारत के निर्माण में बिजली की बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है। और हमारी सरकार बिजली की उपलब्धता बढ़ाने के लिए चौ-तरफा काम कर रही है। चाहे वन नेशन-वन ग्रिड हो, नए कोल पावर प्लांट हों, सोलर एनर्जी हो, न्यूक्लियर सेक्टर का विस्तार हो, हमारा प्रयास है कि, देश में बिजली का उत्पादन बढ़े, राष्ट्र निर्माण में बिजली की कमी बाधा ना बने।

|

लेकिन साथियों,

हमें कांग्रेस के दिनों को भी भूलना नहीं चाहिए। हमने 2014 से पहले जब कांग्रेस की सरकार थी, वो दिन भी देखे हैं, जब पूरे देश में ब्लैकआउट होते थे, बिजली गुल हो जाती थी। कांग्रेस की सरकार रहती तो देश को आज भी ऐसे ही ब्लैकआउट से गुजरना पड़ता। ना कारखाने चल पाते, ना रेल चल पाती, ना खेतों में पानी पहुंच पाता। यानि कांग्रेस की सरकार रहती तो, ऐसे ही संकट बना रहता, बटा रहता। अब इतने वर्षों के प्रयासों के बाद आज हालात बदल रहा है। बीते एक दशक में भारत ने बिजली उत्पादन की क्षमता को करीब-करीब दोगुना किया है। आज भारत अपनी ज़रूरत को पूरी करने के साथ-साथ पड़ोसी देशों को बिजली निर्यात भी करता है। बिजली उत्पादन इस पर भाजपा सरकार के फोकस का लाभ हमारे हरियाणा को भी मिला है। आज हरियाणा में 16 हजार मेगावॉट बिजली का उत्पादन होता है। हम आने वाले कुछ सालों में ये क्षमता, 24 हजार मेगावॉट तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर के काम कर रहे हैं।

साथियों,

एक तरफ हम थर्मल पावर प्लांट में निवेश कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ देश के लोगों को पावर जेनरेटर बना रहे हैं। हमने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली स्कीम शुरू की है। अपने छत पर सोलर पैनल लगाकर आप अपना बिजली का बिल जीरो कर सकते हैं। इतना ही नहीं, जो अतिरिक्त बिजली का उत्पादन होगा, उसे बेचकर कमाई भी कर सकते हैं। अब तक देश के सवा करोड़ से ज्यादा लोग इस योजना के तहत रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। मुझे खुशी है कि, हरियाणा के भी लाखों लोगों ने इससे जुड़ने के लिए अप्लाई किया है। और जैसे-जैसे इस योजना का विस्तार हो रहा है, इससे जुड़ा सर्विस इकोसिस्टम भी बड़ा हो रहा है। सोलर सेक्टर में नई स्किल्स बन रही है। MSME के लिए नए मौके बन रहे हैं और युवाओं के लिए अनेक अवसर तैयार हो रहे हैं।

साथियों,

हमारे छोटे-छोटे शहरों में छोटे उद्योगों को पर्याप्त बिजली देने के साथ ही सरकार इस तरफ भी ध्यान दे रही है कि, उनके पास पर्याप्त पैसे रहें। कोरोना काल में MSME को बचाने के लिए लाखों करोड़ रुपए की सहायता सरकार ने दी है। छोटे उद्योग भी अपना विस्तार कर सकें, इसके लिए हमने MSME की परिभाषा बदली है। अब छोटे उद्योगों को ये डर नहीं सताता कि, जैसे ही वो आगे बढ़े, सरकारी मदद छिन जाएगी। अब सरकार, छोटे उद्योगों के लिए स्पेशल क्रेडिट कार्ड की सुविधा देने जा रही है। क्रेडिट गारंटी कवरेज को भी बढ़ाया जा रहा है। अभी कुछ दिन पहले ही मुद्रा योजना को 10 साल पूरे हुए हैं। आपको जानकर के खुशी भी होगी और सुखद आश्चर्य भी होगा। मुद्रा योजना में पिछले 10 साल में, देश के सामान्य लोग जो पहली बार उद्योग के क्षेत्र में आ रहे, कारोबार के क्षेत्र में आ रहे थे, उनको बिना गारंटी तैंतीस लाख करोड़ रुपए, आप कल्पना कीजिए, तैंतीस लाख करोड़ रुपए बिना गारंटी के लोन के रूप में दिए जा चुके हैं। इस योजना के 50 परसेंट से भी ज्यादा लाभार्थी SC/ST/OBC परिवार के ही साथी हैं। कोशिश यही है कि, ये छोटे उद्योग, हमारे नौजवानों के बड़े सपनों को पूरा करें।

|

साथियों,

हरियाणा के हमारे किसान भाई-बहनों की मेहनत, हर भारतीय की थाली में नजर आती है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार किसानों के दुख-सुख की सबसे बड़ी साथी है। हमारा प्रयास है कि हरियाणा के किसानों का सामर्थ्य बढ़े। हरियाणा की भाजपा सरकार, अब राज्य की 24 फसलों को MSP पर खरीदती है। हरियाणा के लाखों किसानों को पीएम फसल बीमा योजना का लाभ भी मिला है। इस योजना के तहत, लगभग नौ हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के क्लेम दिए गए हैं। इसी तरह पीएम किसान सम्मान निधि से, साढ़े 6 हजार करोड़ रुपए हरियाणा के किसानों की जेब में गए हैं।

साथियों,

हरियाणा सरकार ने अंग्रेज़ों के जमाने से चले आ रहे आबियाना को भी खत्म कर दिया है। अब आपको नहर के पानी पर टैक्स भी नहीं देना पड़ेगा और आबियाने का जो 130 करोड़ रुपए से ज्यादा का बकाया था, वो भी माफ हो गया है।

साथियों,

डबल इंजन सरकार के प्रयासों से किसानों को, पशुपालकों को, आय के नए साधन मिल रहे हैं। गोबरधन योजना, इससे किसानों के कचरे के निपटारे और उससे आय का अवसर मिल रहा है। गोबर से, खेती के अवशेष से, दूसरे जैविक कचरे से बायोगैस बनाई जा रही है। इस वर्ष के बजट में, देशभर में 500 गोबरधन प्लांट बनाने की घोषणा की गई है। आज यमुनानगर में भी नए गोबरधन प्लांट की आधारशिला रखी गई है। इससे नगर निगम के भी हर साल 3 करोड़ रुपए बचेंगे। गोबरधन योजना, स्वच्छ भारत अभियान में भी मदद कर रही है।

|

साथियों,

हरियाणा की गाड़ी अब विकास के पथ पर दौड़ रही है। यहां आने से पहले मुझे हिसार में लोगों के बीच जाने का अवसर मिला। वहां से अयोध्या धाम के लिए सीधी हवाई सेवा शुरु हुई है। आज रेवाड़ी के लोगों को बाइपास की सौगात भी मिली है। अब रेवाड़ी के बाजार, चौराहों, रेलवे फाटकों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को छुटकारा मिल जाएगा। ये चार लेन का बाइपास गाड़ियों को बड़ी आसानी से शहर से बाहर निकाल देगा। दिल्ली से नारनौल की यात्रा में एक घंटा कम समय लगेगा। मैं आपको इसकी बधाई देता हूं।

साथियों,

हमारे लिए राजनीति सत्ता सुख का नहीं, सेवा का माध्यम है, जनता की भी सेवा का माध्यम और देश की सेवा का भी माध्यम। इसलिए भाजपा जो कहती है, उसे डंके की चोट पर करती भी है। हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनने के बाद हम लगातार आपसे किए वायदे पूरे कर रहे हैं। लेकिन, कांग्रेस-शासित राज्यों में क्या हो रहा है? जनता से पूरा विश्वासघात। पड़ोस में देखिए हिमाचल में, जनता कितनी परेशान है। विकास के, जनकल्याण के सारे काम ठप पड़े हैं। कर्नाटका में बिजली से लेकर दूध तक, बस किराए से लेकर बीज तक- हर चीज़ महंगी हो रही है। मैं सोशल मीडिया पर देख रहा था, कर्नाटका में कांग्रेस सरकार ने जो महंगाई बढ़ाई है., भांति-भांति के टैक्स लगाए हैं। सोशल मीडिया में इन लोगों ने बड़ा articulate किया है और उन्होंने कहा है और A टू Z, पूरी ABCD, और हर अक्षर के साथ कैसे –कैसे उन्होंने टैक्स बढ़ाए, उसका A टू Z पूरा लिस्ट बनाकर के ये कर्नाटक की कांग्रेस सरकार की पोल खोलकर रखी है। खुद वहां के मुख्यमंत्री के करीबी कहते हैं कि, कांग्रेस ने कर्नाटका को करप्शन में नंबर वन बना दिया है।

साथियों,

तेलंगाना की कांग्रेस सरकार भी जनता से किए वादे भूल गई है, वहां कांग्रेस, वहां की सरकार जंगलों पर बुलडोजर चलवाने में व्यस्त है। प्रकृति को नुकसान, जानवरों को खतरा, यही है कांग्रेस की कार्यशैली! हम यहां कचरे से गोबरधन बनाने के लिए मेहनत कर रहे हैं और बने बनाए जंगलों को उजाड़ रहे हैं। यानि सरकार चलाने के दो मॉडल आपके सामने हैं। एक तरफ कांग्रेस का मॉडल है, जो पूरी तरह झूठ साबित हो चुका है, जिसमें सिर्फ कुर्सी के बारे में सोचा जाता है। दूसरा मॉडल बीजेपी का है, जो सत्य के आधार पर चल रहा है, बाबा साहेब अंबेड़कर ने दी हुई दिशा पर चल रहा है, संविधान की मर्यादाओं को सर आंखों पर चढ़ाकर चल रहा है। और सपना है विकसित भारत बनाने के लिए प्रयास करना। आज यहां यमुनानगर में भी हम इसी प्रयास को आगे बढ़ता देखते हैं।

|

साथियों,

मैं आपसे एक और अहम विषय की चर्चा करना चाहता हूं। कल देश ने बैसाखी का पर्व मनाया है। कल ही जलियांवाला बाग हत्याकांड के भी 106 वर्ष हुए हैं। इस हत्याकांड में अपनी जान गंवाने वालों की स्मृतियां आज भी हमारे साथ हैं। जलियांवाला हत्याकांड में शहीद हुए देशभक्तों और अंग्रेज़ों की क्रूरता के अलावा एक और पहलू है, जिसे पूरी तरह अंधेरे में डाल दिया गया था। ये पहलू, मानवता के साथ, देश के साथ खड़े होने के बुलंद जज्बे का है। इस जज्बे का नाम- शंकरन नायर था, आपने किसी ने नहीं सुना होगा। शंकरन नायर का नाम नहीं सुना होगा, लेकिन आजकल इनकी बहुत चर्चा हो रही है। शंकरन नायर जी, एक प्रसिद्ध वकील थे और उस जमाने में, 100 साल पहले अंग्रेज़ी सरकार में बहुत बड़े पद पर विराजमान थे। वो सत्ता के साथ रहने का सुख, चैन, मौज, सब कुछ कमा सकते थे। लेकिन, उन्होंने विदेशी शासन की क्रूरता के विरुद्ध, जलियावाला बाग की घटना से व्यतीत होकर, मैदान में उतर उठे, उन्होंने अंग्रेजों के विरूद्ध आवाज़ उठाई, उन्होंने उस बड़े पद से लात मारकर के उसे छोड़ दिया, केरल के थे, घटना पंजाब में घटी थी, उन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड का केस लड़ने का खुद ने फैसला किया। वो अपने दम पर लड़े, अंग्रेज़ी साम्राज्य को हिला कर रख दिया। जिस अंग्रेज़ी साम्राज्य का सूरज, जिनका सूरज कभी अस्त नहीं होता था, उसको शंकरन नायर जी ने जलियांवाला हत्याकांड के लिए कोर्ट में कठघरे में खड़ा कर दिया।

साथियों,

ये सिर्फ, मानवता के साथ खड़े होने का ही मामला भर नहीं था। ये एक भारत, श्रेष्ठ भारत का भी बहुत उत्तम उदाहरण था। कैसे दूर-सुदूर दक्षिण में केरला का एक व्यक्ति, पंजाब में हुए हत्याकांड के लिए अंग्रेज़ी सत्ता से टकरा गया। यही स्पिरीट हमारी आजादी की लड़ाई की असली प्रेरणा है। यही प्रेरणा, आज भी विकसित भारत की यात्रा में हमारी बहुत बड़ी ताकत है। हमें केरल के शंकरन नायर जी के योगदान के बारे में जरूर जानना चाहिए और पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, यहां के एक-एक बच्चें को जानना चाहिए।

साथियों,

गरीब, किसान, नौजवान और नारीशक्ति- इन चारों स्तंभों को सशक्त करने के लिए डबल इंजन सरकार निरंतर काम कर रही है। हम सभी के प्रयासों से, हरियाणा जरूर विकसित होगा, मैं अपनी आंखों से देख रहा हूं, हरियाणा फलेगा, फूलेगा, देश का नाम रोशन करेगा। आप सभी को इन अनेक विकास कार्यों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। दोनों हाथ ऊपर करके पूरी ताकत से मेरे साथ बोलिये -

भारत माता की जय!

भारत माता की जय!

भारत माता की जय!

बहुत-बहुत धन्यवाद।