QuoteWhen you will form double engine government here, then development in the state will also take place at double the pace: PM in Garhwa
QuoteBJP Jharkhand has also resolved to build 21 lakh new houses. Every poor person should have a house, this is BJP's guarantee: PM
QuoteThe BJP is establishing ten major museums dedicated to tribal traditions, arts, and culture across the country: PM Modi in Garhwa

जय जोहार,

मां गढ़ देवी, भगवान बंशीधर और शहीद नीलांबर-पीतांबर के इ पावन भूमि पर रउवा सबके राम-राम। ओ गोय, ठीक-ठाक बा ना ? आपने कुछ महीने पहले दिल्ली में लगातार तीसरी बार भाजपा-NDA सरकार बनाई। अब झारखंड में विधानसभा का चुनाव है। हम सभी को मिलकर यहां भाजपा-NDA के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनानी है। बनाएंगे? पक्का बनाएंगे? हर बूथ में जाके मेहनत करेंगे? आपका ये प्यार, ये उमंग, मैं देख रहा हूं, जितने लोग पंडाल में हैं, उससे दोगुना लोग बाहर धूप में खड़े हैं। (और मैंने देखा, यहां एक बेटी बहुत बढ़िया पेंटिंग बनाकर लाई थी। बेटा वो पेंटिंग मिल जाएगी मुझे। आपने पता लिखा है अपना। अरे ये कैसे कर दिया। अच्छा लिख करके दो। मैं आपको चिट्ठी भेजूंगा। बहुत बढ़िया चित्र बनाया आपने। ये अफसर लोग गए हैं, वो जरूर मुझे मिल जाएगा। लेकिन आप पता लिखकर जरा दे देना। वो हमारे लोग आ जाएंगे।) मैं आज आपका आशीर्वाद मांगने आया हूं। आज झारखंड में हर तरफ एक ही गूंज है। रोटी, बेटी, माटी की पुकार। झारखंड में भाजपा-NDA सरकार। मैं फिर से बुलाता हूं- बोलेंगे? सब बोलेंगे? रोटी-बेटी-माटी की पुकार, रोटी-बेटी-माटी की पुकार, रोटी-बेटी-माटी की पुकार। इस समय छठ के महापर्व का उत्साह भी चारों तरफ दिख रहा है। मैं छठी मैय्या की उपासना करने वाले सभी व्रतियों को भी अपनी शुभकामनाएं देता हूं।

साथियों,

झारखंड के ये चुनाव ऐसे समय में हो रहे हैं, जब पूरा देश जब आजादी के 100 साल होंगे तो हिंदुस्तान को विकसित होने का संकल्प लेकर के पूरा देश आगे बढ़ रहा है। यानि आने वाले 25 वर्ष देश के लिए भी और झारखंड के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण हैं। देश की आज़ादी के 100 वर्ष पूरे होंगे और झारखंड भी तब 50 वर्ष का होने वाला है। भाजपा ने तो झारखंड के लोगों की आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए अलग राज्य का निर्माण किया था। और कुछ लोग जो यहां बैठे हैं वो कहते थे हमारी छाती पर झारखंड बनेगा। अरे उनकी छाती पर झारखंड बन गया, लेकिन झारखंड के कुछ नेता उनकी गोदी में जाकर बैठ गए। विकसित झारखंड बनाने के लिए बीते 10 वर्षों में झारखंड के इंफ्रास्ट्रक्चर पर बहुत अधिक फोकस किया गया है। (ये पर्दा नीचे करो, पीछे लोगों को दिखाई नहीं देता है। शाबाश।) झारखंड को देश के दूसरे हिस्सों से जोड़ने वाली सड़कों को आधुनिक और चौड़ा किया जा रहा है। यहां रेल कनेक्टिविटी को सशक्त किया जा रहा है। आज झारखंड को 12 आधुनिक वंदेभारत ट्रेनें कनेक्ट कर रही हैं। गंगा जी पर जो वॉटरवे बन रहा है, उससे भी झारखंड कनेक्टेड है। जगदीशपुर-हल्दिया-बोकारो-धामरा गैस पाइपलाइन, झारखंड वालों को सस्ती गैस पहुंचाने में मदद कर रही है। यानि झारखंड में बेहतर सुविधाओं के लिए, यहां के किसानों, यहां के उद्योगों को बल देने के लिए केंद्र सरकार अपनी तरफ से हर कोशिश कर रही है। ये तब है जब झारखंड में JMM सरकार ने विकास के हर काम में रोड़े अटकाने की कोशिश की। लेकिन हम ईमानदारी से झारखंड के विकास की हर कोशिश पूरी ताकत से हर काम कर रहे हैं। जब यहां आप लोग डबल इंजन की सरकार बनाएंगे तो राज्य का विकास भी डबल तेजी से होने लगेगा।

|

साथियों,

भाजपा, झारखंड की सुविधा, सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि की गारंटी के साथ चुनावी मैदान में उतरी है। मैं झारखंड भाजपा को बहुत-बहुत बधाई देता हूं कि कल उसने बहुत ही शानदार संकल्प पत्र जारी किया है। ये संकल्प पत्र, रोटी, बेटी और माटी के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित है। माताओं-बहनों-बेटियों के लिए, उनके कल्याण के लिए, उनके हकों के लिए इसमें अनेक संकल्प लिए गए हैं। गोगो दीदी योजना से हर महीने माताओं-बहनों को 2100 रुपए मिलेंगे। मेरे गरीब परिवार की बहनों को पहले हमने उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन दिए। अब झारखंड में बनने जा रही भाजपा-NDA सरकार, 500 रुपए में सिलेंडर देगी। अगले साल दीपावली और रक्षाबंधन पर झारखंड की बहनों को 2 मुफ्त सिलेंडर भी मिलने वाले हैं। भाजपा ने ओडिशा की, छत्तीसगढ़ की, मध्य प्रदेश की बहनों को ये घोषणा की और लागू भी कर दिया, उनको पहुंचा भी दिया। इसलिए एक तरफ भाजपा का गारंटी पूरा करने का ट्रैक रिकॉर्ड है। वहीं दूसरी तरफ JMM-कांग्रेस-RJD सरकार के झूठे वायदे हैं। इन्होंने 5 साल तक माताओं-बहनों के लिए कुछ नहीं किया। अब जब भाजपा की योजनाएं सामने हैं, तब इन्होंने आनन-फानन में महिलाओं की आंखों में धूल झोंकने के लिए नकल करके नई-नई घोषणाएं की हैं। ये लोग नकल तो कर सकते हैं, लेकिन भाजपा के पास जो नेक-नीयत है वो कहां से लाएंगे? और इनकी योजनाएं कि अब करेंगे, तब करेंगे, दिसंबर में...अरे तुम रहने ही वाले नहीं हो भाई। ये चुनाव में विदाई पक्की है।

साथियों,

JMM-कांग्रेस वालो ने आपको गरीबों के घर के नाम पर भी धोखा ही दिया है। केंद्र की हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत झारखंड में 16 लाख गरीबों के घर बनाए। कितने? 16 लाख, ये आंकड़ा बहुत बड़ा होता है भाई। और ये घर किसको मिले। जिनके पास पक्का घर नहीं था, ऐसे मेरे ST-SC-OBC परिवारों को मिले। करीब 1 लाख 15 हज़ार घर तो यहां गढ़वा जिले के गरीब परिवारों को ही मिल चुके हैं। अब आप कह रहे थे कि यहां पहले कोई प्रधानमंत्री नहीं आया। ये मोदी पहला प्रधानमंत्री है जो यहां आया। जो बड़े-बड़े अच्छे-अच्छे काम होते हैं न, वो मेरे नसीब में ही लिखे हुए हैं। अरे गढ़वा के लोगों का प्यारा पाना, आशीर्वाद पाने के लिए भी तो नसीब चाहिए। ये नसीब मोदी को मिला है इसलिए आपके आशीर्वाद पाने के लिए, आपके पास आ गया। लेकिन JMM-कांग्रेस से आप पूछिए कि अबुआ-आवास योजना का क्या हुआ? क्यों इस योजना का नाम लेकर आपके साथ विश्वासघात किया गया?

साथियों,

लोकसभा चुनाव के दौरान मैंने देशभर में तीन करोड़ नए घर बनाने की गारंटी दी थी। हमने सरकार बनते ही इस गारंटी पर काम शुरू भी कर दिया। अब झारखंड भाजपा ने भी 21 लाख नए आवास बनाने का संकल्प लिया है। झारखंड के हर गरीब के पास पक्का घर हो, ये भाजपा की गारंटी है। अच्छा मेरा एक काम करोगे भाई? सबके सब हाथ ऊपर करके बताइए करोगे? पक्का करोगे? देखिए ये चुनाव में जब आप लोगों से मिलने जाएं तो कहीं आपको लोग अगर झुग्गी-झोपड़ी में रहते नजर आते हैं, कोई कच्चे घर में मिट्टी के छोटे से घर में रहता है, आप उसको कहना, यहां 23 तारीख के बाद भाजपा सरकार बनने वाली है। और उसको कहना कि मोदी जी आए थे, और उन्होंने कहा है कि उसका घर अब पक्का बन जाएगा, मेरी तरफ से कह देना। आप ही मेरे लिए मोदी हैं। यहां का मेरा हर कार्यकर्ता मोदी है, आप वादा कर देना, कर दोगे? मैं पूरा करूंगा दोस्तों।

|

साथियों,

झारखंड के नौजवानों में टैलेंट की कमी नहीं है। देश ने युवाओं का टैलेंट, ये हमारे झारखंड की बेटियां, झारखंड के बेटे खेल के मैदान में झारखंड का जज्बा दिखाते हैं। झारखंड के युवाओं का सामर्थ्य बढ़े, उन्हें नए अवसर मिलें, ये सरकार की जिम्मेदारी होती है। लेकिन JMM-कांग्रेस-RJD ने झारखंड के युवाओं के साथ भी धोखा ही किया है। बीते 5 वर्षों में झारखंड के नौजवानों के साथ क्या-क्या हुआ, ये भी आपने देखा है। इन लोगों ने झारखंड के नौजवानों के लिए बेरोज़गारी भत्ता देने का वादा किया था। लेकिन ये वादा पूरा नहीं किया। वादा किया था कि नहीं किया था? वादा किया था कि नहीं किया था? झूठ बोलकर वोट ले गए थे कि नहीं ले गए थे? फिर आपका वादा तोड़ा कि नहीं तोड़ा? आपको एक रुपया भी दिया नहीं न? आप उनको सजा दोगे कि नहीं दोगे? साथियों, इतना ही नहीं, भर्तियों में धांधली, पेपर लीक, ये तो यहां का उद्योग बन गया उद्योग। सिपाही भर्ती के दौरान, JMM सरकार की लापरवाही के कारण कई नौजवानों की दुखद मृत्यु हो गई। अब झारखंड भाजपा ने इस स्थिति को बदलने का संकल्प लिया है। झारखंड में भाजपा सरकार बनने के बाद 3 लाख सरकारी पदों को पारदर्शी तरीके से भरा जाएगा। अभी हरियाणा में लोगों ने तीसरी बार भाजपा सरकार बनाई। अभी एक महीना नहीं हुआ है। वहां के नौजवान डबल दिवाली मना रहे हैं। क्यों? सरकार ने आते ही बिना खर्ची-बिना पर्ची 25 हजार लोगों को रोजगार दे दिया। वादा किया था, पूरा कर दिया। लाखों नौजवानों के लिए युवा साथी भत्ता देने का संकल्प भी लिया गया है। युवा साथी भत्ते के तौर पर यहां के युवाओं को 2 हजार रुपए दिए जाएंगे। सभी परीक्षाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर, जारी होने से पेपर लीक माफिया पर भी लगाम लगेगी। केंद्र सरकार पहले ही पेपर लीक करने वालों के लिए सख्त सज़ा देने का कानून बना चुकी है।

साथियों,

हमने लोकसभा चुनाव के दौरान देश के करोड़ों नौजवानों के लिए रोज़गार, इंटर्नशिप और कौशल विकास की गारंटी दी थी। पहले 100 दिन के भीतर ही, इसके लिए हम 2 लाख करोड़ रुपए से अधिक का पीएम पैकेज हमने घोषित कर दिया। पीएम इंटर्नशिप कार्यक्रम लागू हो चुका है। इसके तहत हज़ारों नौजवानों ने रजिस्ट्रेशन भी कर लिया है। बड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप पर पीएम पैकेज के तहत यहां के युवाओं को भी हर महीने 5 हजार रुपए मिलेंगे।

साथियों,

किसानों का हित, किसानों की आय बढ़ाना, भाजपा की प्राथमिकता है। झारखंड भाजपा ने धान की सरकारी खरीद, 3100 रुपए प्रति क्विंटल करने का भी फैसला लिया है। कितना? 3100 रुपए, हर किसान के घर जाकर बताओगे। छोटे और सीमांत किसानों के लिए, पशुपालकों के लिए भी आर्थिक मदद देने की योजना घोषित की है। यही नहीं, आदिवासी परिवारों की आजीविका बढ़ाने के लिए भी अनेक अच्छी घोषणाएं की गई हैं। हर आदिवासी ब्लॉक में केंदू पत्ता, महुआ, और मशरूम जैसे उत्पादों से जुड़ी प्रोसेसिंग और स्टोरेज क्षमता बनाई जाएगी।

साथियों,

मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि इन घोषणाओं को पूरा करने के लिए भाजपा-NDA सरकार पूरी ताकत से काम करेगी। ये मोदी की आपको गारंटी है। साथियों, आजकल अफवाहें फैलाना, इसका एक उद्योग चल पड़ा है। कुछ लोग भांति-भांति की दुकानें खोलकर बैठे हैं। वो अफवाह फैलाने का माल बेच रहे हैं। आपको ऐसी किसी भी अफवाह में नहीं आना है। मुझे याद है, जब हमने पीएम किसान सम्मान निधि योजना लागू की थी 2018 में। तो JMM वालों ने यहां के गांव-गांव जाकर किसानों से झूठ बोला। और क्या बोला, उन्होंने बोला देखिए, ये मोदी अभी पैसा भेज रहा है न, इसे खाते में मत डलवा देना, इससे मत जुड़ना। क्योंकि चुनाव जीतने के बाद मोदी ये पैसा ब्याज समेत तुमसे वापस ले लेगा। ऐसा झूठ चलाया। और मेरे भोले-भाले गांव के किसान भाइयों ने मोदी जो पैसा भेजता था उसे लेने से मना कर दिया। बोले हमें नहीं चाहिए, पैसा देना पड़ेगा। जब दुबारा आपने 2019 में सेवा का मौका दिया तब जाकर ये झूठ का पता चला कि ये JMM कितना झूठ बोलते थे। इस बार भी रोज नए-नए झूठ फैलाने का काम, एक परिवार दिल्ली में ये धंधा करता है, दूसरा इधर झारखंड में करता है। मुझे खुशी है कि आज पीएम किसान सम्मान निधि के 600 करोड़ रुपए से ज्यादा गढ़वा के किसानों को मिल चुके हैं।

|

साथियों,

आजादी के बाद से ही कांग्रेस की राजनीति का बहुत बड़ा आधार रहा है- जनता से झूठ, जनता को धोखा। ये झूठे वायदे करके वोटरों को धोखा देते हैं। हमारे निर्दोष भोले-भाले हमारे नागरिकों की आंख में धूल झोंक देते हैं। अभी ताज़ा-ताज़ा हरियाणा ने भी इनको सबक सिखाया है। वहां भी इन्होंने झूठ फैलाने की बहुत कोशिश की थी। महिलाओं-किसानों-नौजवानों-SC/ST/OBC, सभी को कुछ न कुछ झूठ बेचने की कोशिश की थी। लेकिन हरियाणा वालों ने इनके झूठ को टिकने नहीं दिया। कांग्रेस और उसके साथी जहां-जहां भी झूठ बोलकर सत्ता में आए हैं, उस राज्य को उन्होंने बर्बाद कर दिया है। इन्होंने हिमाचल को तबाह कर दिया है। वहां कर्मचारियों के सामने सैलरी और पेंशन तक का संकट आने लगा है। अपने हक का DA पाने के लिए कर्मचारियों को आंदोलन करने पड़ रहे हैं। यहां जो सरकारी मुलाजिम हैं न, जरा हिमाचल के अपने परिचितों से पूछ लो, क्या हाल करके रखा है इन्होंने। तेलंगाना में भी कांग्रेस सरकार के झूठे वायदों की वजह से वहां की जनता पस्त पड़ी हुई है। कर्नाटक में जो कुछ हो रहा है, उससे तो कांग्रेस के भीतर ही घमासान मचा है। कांग्रेस के जो अध्यक्ष हैं, उन्होंने भी मान लिया है कि कांग्रेस झूठी गारंटी देती है। मैं तो हैरान हूं, पता नहीं कैसे हमारे खड़गे जी के मुंह से जाने-अनजाने सच निकल गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जो ये अनाप-शनाप घोषणाएं हैं, ये राज्यों को दिवालिया कर देंगी। इसलिए आपको कांग्रेस और उसके साथियों की घोषणाओं पर कभी भरोसा नहीं करना है। मेरी बात मानोगे? पक्का मानोगे?

साथियों,

झारखंड का एक और बहुत बड़ा दुश्मन है और वो है परिवारवाद। JMM-कांग्रेस-RJD, ये तीनों दल घोर परिवारवादी हैं। ये लोग चाहते हैं कि सत्ता की चाबी केवल इन्हीं के परिवार के पास रहे। JMM का भी यही मॉडल है। अगर कोई अपनी काबिलियत से आगे बढ़ भी गया, तो उसके साथ कैसा बर्ताव करते हैं, ये भी हमने देखा है। हमारे चंपई सोरेन जी के साथ इन्होंने क्या किया? इन लोगों ने एक आदिवासी बेटे को अपमानित करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। जिनके लिए अपने परिवार से बड़ा कुछ नहीं है, वो झारखंड के आप सभी लोगों की परवाह भला क्यों करेंगे? इसलिए मैं झारखंड के हर नौजवान से कहूंगा कि ऐसे स्वार्थी दलों को अच्छे से सबक सिखाना है। भाइयों-बहनों, जब मैं कहता हूं कि मेरा अपना परिवार हो या न हो, लेकिन आप सब मेरा परिवार हैं। मेरी बात में आपको सच लगता है कि नहीं लगता है? क्या मैं आपके लिए जीता हूं कि नहीं जीता हूं? क्या मैं आपके लिए दिन-रात काम करता हूं कि नहीं करता हूं? मैं दिन-रात आपके लिए सोचता हूं कि नहीं सोचता हूं? इस देश के किसी नागरिक में इस बात को लेकर शक नहीं है। मेरे लिए सबकुछ 140 करोड़ देशवासी हैं। उनके लिए सबकुछ उनका अपना परिवार है।

साथियों,

आप भी जानते हैं, भ्रष्टाचार दीमक की तरह देश को खोखला करता है। भ्रष्टाचार, सबसे अधिक गरीब को, दलित, पिछड़े, आदिवासी को सबसे ज्यादा दुखी करता है, तबाह करता है, बर्बाद करता है। झारखंड ने तो बीते 5 सालों में देखा है कि कैसे JMM-कांग्रेस-RJD सरकार ने भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं तोड़ दी है। मुख्यमंत्री हो, मंत्री हो, विधायक हो, सांसद हो, ऐसा कोई बचा नहीं जिन पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप नहीं हैं। JMM के मंत्री के लोगों के पास से नोटों के पहाड़ निकले। क्या निकलता है? क्या निकलता है? कांग्रेस के सांसद के घर से नोटों के पहाड़ निकले। मैंने तो आंखों से कभी इतने नोटों के पहाड़ नहीं देखे जी। मैंने टीवी पर देखा कि लूट के नोटो के पहाड़ इतने बड़े होते हैं। अरे इंसान तो छोड़िए, मशीनें तक गिनते-गिनते थक गईं। और ये पैसा किसका था भाई? ये पैसा किसका था? ये पैसा झारखंड के लोगों का था कि नहीं था? ये पैसा झारखंड के नौजवान का था कि नहीं था? ये पैसा झारखंड की बेटियों का था कि नहीं था? ये पैसा झारखंड के गरीबों का था कि नहीं था? ये पैसा झारखंड के आदिवासियों का था कि नहीं था? ये पैसा झारखंड के मेरे किसान भाइयों का था कि नहीं था? लूट लिया। कहीं रोड बननी था, कहीं बस अड्डा बनना था, कहीं पुलिया बनानी थी, कहीं स्कूल-अस्पताल बनना था, कहीं बिजली की लाइन पहुंचनी थी। सबकुछ लूट लिया। आपके हक का, आपके अधिकार का ये इन्होंने लूटा है, ये आपका जेब काटने वाले लोग हैं।

साथियों,

मुझे इस क्षेत्र के भ्रष्ट जनप्रतिनिधियों की भी रिपोर्ट मिली है। इन्होंने तो आपके हक के पानी के नल तक को नहीं छोड़ा। हमने हर घर जल पहुंचाने की इतनी बड़ी योजना बनाई। केंद्र सरकार ने दिल्ली से हजारों करोड़ रुपए भेजा। लेकिन यहां JMM-कांग्रेस के लोगों ने वो पैसा अपनी तिजोरी में भर लिया। देश में जहां भाजपा सरकारें हैं, वहां अनेक राज्यों में हर घर जल अभियान बहुत सफलता से चल रहा है। लेकिन झारखंड में हमारे प्रयासों के बावजूद, ढेर सारे पैसे भेजने के बावजूद, घर-घर नल पहुंचाने का काम ठप पड़ा है। और अभी आपके सब नेता बता रहे थे भाषण में कि मोदी जी, गढ़वा को पानी मिल जाए न, गढ़वा का पलायन रुक जाएगा। मैं आपकी बात से सहमत हूं। साथियों, मैं जिस गुजरात से आता हूं, उस गुजरात में कच्छ और सौराष्ट्र ऐसे ही पानी की मुसीबत में जीता था। पानी की ट्रेनें भेजनी पड़ती थी वो हाल था। जब 2001 में वहां के लोगों ने काम दिया मुख्यमंत्री का, मैं पानी के पीछे पड़ गया। मैंने कहा कि मैं पानी पहुंचाकर रहूंगा। और बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया। वर्षा की एक-एक बूंद रोकने का अभियान चलाया। मरी-पड़ी नदियों को जिंदा करने के लिए लोगों को लगाया। और जिस कच्छ और सौराष्ट्र से पलायन होता था आज पानीदार बन गया और लोग वापस आने लग गए। भाइयों-बहनों, अगर दिल में कुछ करने का जज्बा हो न तो मेरा गढ़वा भी पानीदार बन जाएगा। और एक बार पानी पहुंचा तो पलायन तो रुकेगा जो पलायन होके गए न वो भी वापस आ जाएंगे दोस्तों। जनभागीदारी से वर्षा की एक-एक बूंद बचाकर हम समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।

|

साथियों,

आज ये क्षेत्र, बालू तस्करी का बहुत बड़ा केंद्र बन चुका है। बालू बोलते ही आपको सब दिखाई दिया। सच्चाई ये है कि झारखंड की सरकार, माफिया की गुलाम बनी हुई है। जनता पलायन के लिए मजबूर है और ये लोग सरकारी ठेकों में बंदरबांट करने में व्यस्त हैं। यहां हर काम-धंधा बंद होता जा रहा है, लेकिन ट्रांसफर-पोस्टिंग का धंधा खूब फल-फूल रहा है। इसलिए आपको याद रखना है, JMM-कांग्रेस-RJD ने ये जो माफिया तंत्र बनाया है, भाजपा-NDA को दिया आपका हर वोट उस पर चोट करेगा।

साथियों,

JMM-कांग्रेस-RJD ने तुष्टिकरण की नीति को चरम पर पहुंचा दिया है। ये तीनों दल सामाजिक ताना-बाना तोड़ने पर आमादा हैं, ये तीनों दल घुसपैठिया समर्थक हैं। बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोट पाने के लिए ये इन घुसपैठियों को पूरे झारखंड में बसा रहे हैं। जब स्कूलों में सरस्वती वंदना तक पर रोक लगने लगे, तो पता चलता है कि खतरा कितना बड़ा है। जब तीज-त्योहारों में पत्थरबाजी होने लगे, माता दुर्गा को भी रोक दिया जाए, जब कर्फ्यू लगने लगे, तो पता चलता है कि स्थिति कितनी खतरनाक है। जब बेटियों के साथ शादी के नाम पर छल-कपट होने लगे, तो पता चलता है कि पानी सिर के ऊपर से गुजरने लगा है। जब घुसपैठ का मामला कोर्ट में जाए और प्रशासन इससे इनकार करे तो पता चलता है कि सरकारी तंत्र में ही घुसपैठ हो चुकी है। ये आपकी रोटी भी छीन रहे हैं, ये आपकी बेटी भी छीन रहे हैं और आपकी माटी को भी हड़प रहे हैं। अगर JMM-कांग्रेस-RJD की यही कुनीति जारी रही, तो झारखंड में आदिवासी समाज का दायरा सिकुड़ जाएगा। ये आदिवासी समाज और देश की सुरक्षा, दोनों के लिए बड़ा खतरा है। इसलिए इस घुसपैठिया गठबंधन को अपने एक वोट से उखाड़ फेंकना है। फेंकेंगे? एक-एक वोट रोटी-बेटी-माटी को बचाएगा। बचाओगे?

साथियों,

झारखंड का तेज़ विकास तभी संभव है, जब यहां ऐसी सरकार हो जो केंद्र की योजनाओं को तेज़ी से लागू करे। ये लोग खुद काम करते नहीं और दूसरों को भी काम नहीं करने देते। दशकों तक इनके कुशासन का नतीजा, झारखंड ने भुगता है। गढ़वा हो, पलामू हो, राज्य के ऐसे अनेक जिले हैं, जिनको इन्होंने पिछड़ा घोषित कर रखा था। हमने यहां के विकास को प्राथमिकता दी। देश के जो अच्छे और युवा अफसर हैं, उनको यहां तैनात किया गया। ऐसे जो हमारे आकांक्षी जिले हैं, वहां अस्पताल, स्कूल-कॉलेज, रोड, रेल, इंटरनेट, ऐसी हर सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। ये लोग कैसे योजनाओं में भी रोड़े अटकाते हैं, इसका उदाहरण उत्तर कोयल जलाशय- मंडल डैम है। कई दशक पहले इसका निर्माण कार्य शुरु हुआ था। ये समय पर बन जाता तो लाखों किसानों को इसका लाभ होता। पानी के लिए तरसना न पड़ता। हमने इस परियोजना को गति देने का फैसला लिया। इसके लिए हज़ारों करोड़ रुपए स्वीकृत किए। 2019 में इसकी आधारशिला रखी गई। लेकिन यहां रोड़े अटकाने वाली JMM सरकार बन गई। यहां जो डूब क्षेत्र के प्रभावित हैं, उनके लिए पिछले साल ही हमने राज्य सरकार को स्पेशल पैकेज की मंज़ूरी दी है। लेकिन राज्य सरकार ने प्रभावितों को ये पैसा भी नहीं दिया। लूटने में लगे रहे। यहां भाजपा-NDA सरकार बनते ही, इस परियोजना पर तेज़ी से काम किया जाएगा !

साथियों,

यहां अगर भाजपा सरकार रहती तो सोन-कनहर पाइप लाइन सिंचाई परियोजना कब की पूरी हो चुकी होती। इसी तरह यहां जो चियांकी एयरपोर्ट है, इसको हम सस्ती हवाई यात्रा वाली योजना उड़ान में शामिल करना चाहते हैं। लेकिन यहां की सरकार इसमें भी दिलचस्पी नहीं ले रही। हमने पलामू और गढ़वा के लिए सोलर पार्क स्वीकृत किए हैं। JMM की सरकार, लोगों को अंधेरे में रख रही है, लेकिन इन परियोजनाओं के लिए ज़मीन नहीं दे रही। यहां के नौजवानों को नौकरियां मिले, झारखंड का विकास हो, ये इन लोगों को मंज़ूर नहीं है।

साथियों,

भाजपा-NDA, विकास और विरासत दोनों को महत्व देते हैं। हम उन क्षेत्रों, उन वर्गों के विकास पर विशेष बल दे रहे हैं, जो अतीत में पिछड़ गए थे। हम आदिवासी क्षेत्रों का विकास भी कर रहे हैं और आदिवासी विरासत को भी पूरी शान से आगे बढ़ा रहे हैं। ये भाजपा ही जो पूरे देश में आदिवासी परंपरा, कला-संस्कृति के लिए समर्पित 10 बड़े संग्रहालय बना रही है। रांची में जो भव्य संग्रहालय बना है, उसके उद्घाटन का अवसर मुझे ही मिला था। कुछ दिन बाद ही धरती आबा बिरसा मुंडा जी का जन्म दिवस है। ये भाजपा-NDA सरकार ही है, जिसने धरती आबा के जन्म दिवस को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया था। इस वर्ष का आयोजन तो और भी विशेष है। इस 15 नवंबर से अगले 2 वर्ष तक, धरती आबा बिरसा मुंडा जी की डेढ़ सौवीं जन्मजयंति के समारोह देशभर में मनाए जाएंगे। पूरा देश जनजातीय गौरव वर्ष का उत्सव मनाएगा। पूरा देश इसमें शामिल होगा। पूरी दुनिया भगवान बिरसा मुंडा और आदिवासी समाज के योगदान को जानने समझने लगेगी।

साथियों,

झारखंड का तेज़ विकास, भाजपा की गारंटी है, NDA की गारंटी है। इसलिए मैं गढ़वा से पूरे झारखंड के भाई-बहनों से आग्रह करुंगा, भाजपा के, आजसू के, JDU और LJP के उम्मीदवार जहां-जहां हैं, उनको भारी मतों से विजयी बनाएं। हमें मिलकर, झारखंड को विकास के उस सफर पर ले जाना है, जो पूर्वी भारत के विकास को तेज़ी दे सके। आप इतनी बड़ी संख्या में हमें आशीर्वाद देने आए, मैं आप सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। लेकिन मेरा एक काम करेंगे? सबके सब हाथ ऊपर करके बताएं, मेरा एक काम करेंगे? जरा जोर से बताएं करेंगे? घर-घर जाएंगे? लोगों से मिलेंगे? एक काम करना, हर परिवार में जाकर कहना, अपने मोदी जी गढ़वा आए थे। और मोदी जी ने आपको जोहार कहा है। मेरा जोहार पहुंचा देंगे? मेरा राम-राम पहुंचा देंगे? (एक नौजवान बहुत बढ़िया चित्र बनाकर लाए हैं, हमारे सिक्यूरिटी वालों से कहूंगा कि वो चित्र उनसे लीजिए। जरा अपना पता पीछे लिख देना भइया। मैं आपको चिट्ठी भेजूंगा। इसके पीछे अपना एड्रेस लिख देना। जरा ले लीजिए वो फोटोग्राफ, चित्र ले लीजिए।)
मेरे साथ बोलिए, भारत माता की जय, भारत माता की जय, भारत माता की जय ! बहुत-बहुत धन्यवाद।

  • Dheeraj Thakur March 05, 2025

    जय श्री राम
  • सुधीर बुंगालिया January 11, 2025

    झारखंड विजय
  • Mahesh Kulkarni January 10, 2025

    जय श्री राम
  • Vivek Kumar Gupta December 28, 2024

    नमो ..🙏🙏🙏🙏🙏
  • Vivek Kumar Gupta December 28, 2024

    नमो ...................................🙏🙏🙏🙏🙏
  • Avdhesh Saraswat December 27, 2024

    NAMO NAMO
  • Gopal Saha December 23, 2024

    hi
  • Dr srushti December 18, 2024

    namo
  • Vishal Seth December 17, 2024

    जय श्री राम
  • Avdhesh Saraswat November 29, 2024

    HAR BAAR MODI SARKAR
Explore More
প্রধান মন্ত্রী, শ্রী নরেন্দ্র মোদীনা 78শুবা নীংতম নুমিত্তা লাল কিলাগী ফম্বাক্তগী লৈবাক মীয়ামদা থমখিবা ৱারোল

Popular Speeches

প্রধান মন্ত্রী, শ্রী নরেন্দ্র মোদীনা 78শুবা নীংতম নুমিত্তা লাল কিলাগী ফম্বাক্তগী লৈবাক মীয়ামদা থমখিবা ৱারোল
Prachand LCH: The game-changing indigenous attack helicopter that puts India ahead in high-altitude warfare at 21,000 feet

Media Coverage

Prachand LCH: The game-changing indigenous attack helicopter that puts India ahead in high-altitude warfare at 21,000 feet
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Today, India is not just a Nation of Dreams but also a Nation That Delivers: PM Modi in TV9 Summit
March 28, 2025
QuoteToday, the world's eyes are on India: PM
QuoteIndia's youth is rapidly becoming skilled and driving innovation forward: PM
Quote"India First" has become the mantra of India's foreign policy: PM
QuoteToday, India is not just participating in the world order but also contributing to shaping and securing the future: PM
QuoteIndia has given Priority to humanity over monopoly: PM
QuoteToday, India is not just a Nation of Dreams but also a Nation That Delivers: PM

श्रीमान रामेश्वर गारु जी, रामू जी, बरुन दास जी, TV9 की पूरी टीम, मैं आपके नेटवर्क के सभी दर्शकों का, यहां उपस्थित सभी महानुभावों का अभिनंदन करता हूं, इस समिट के लिए बधाई देता हूं।

TV9 नेटवर्क का विशाल रीजनल ऑडियंस है। और अब तो TV9 का एक ग्लोबल ऑडियंस भी तैयार हो रहा है। इस समिट में अनेक देशों से इंडियन डायस्पोरा के लोग विशेष तौर पर लाइव जुड़े हुए हैं। कई देशों के लोगों को मैं यहां से देख भी रहा हूं, वे लोग वहां से वेव कर रहे हैं, हो सकता है, मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं। मैं यहां नीचे स्क्रीन पर हिंदुस्तान के अनेक शहरों में बैठे हुए सब दर्शकों को भी उतने ही उत्साह, उमंग से देख रहा हूं, मेरी तरफ से उनका भी स्वागत है।

साथियों,

आज विश्व की दृष्टि भारत पर है, हमारे देश पर है। दुनिया में आप किसी भी देश में जाएं, वहां के लोग भारत को लेकर एक नई जिज्ञासा से भरे हुए हैं। आखिर ऐसा क्या हुआ कि जो देश 70 साल में ग्यारहवें नंबर की इकोनॉमी बना, वो महज 7-8 साल में पांचवे नंबर की इकोनॉमी बन गया? अभी IMF के नए आंकड़े सामने आए हैं। वो आंकड़े कहते हैं कि भारत, दुनिया की एकमात्र मेजर इकोनॉमी है, जिसने 10 वर्षों में अपने GDP को डबल किया है। बीते दशक में भारत ने दो लाख करोड़ डॉलर, अपनी इकोनॉमी में जोड़े हैं। GDP का डबल होना सिर्फ आंकड़ों का बदलना मात्र नहीं है। इसका impact देखिए, 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, और ये 25 करोड़ लोग एक नियो मिडिल क्लास का हिस्सा बने हैं। ये नियो मिडिल क्लास, एक प्रकार से नई ज़िंदगी शुरु कर रहा है। ये नए सपनों के साथ आगे बढ़ रहा है, हमारी इकोनॉमी में कंट्रीब्यूट कर रहा है, और उसको वाइब्रेंट बना रहा है। आज दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी हमारे भारत में है। ये युवा, तेज़ी से स्किल्ड हो रहा है, इनोवेशन को गति दे रहा है। और इन सबके बीच, भारत की फॉरेन पॉलिसी का मंत्र बन गया है- India First, एक जमाने में भारत की पॉलिसी थी, सबसे समान रूप से दूरी बनाकर चलो, Equi-Distance की पॉलिसी, आज के भारत की पॉलिसी है, सबके समान रूप से करीब होकर चलो, Equi-Closeness की पॉलिसी। दुनिया के देश भारत की ओपिनियन को, भारत के इनोवेशन को, भारत के एफर्ट्स को, जैसा महत्व आज दे रहे हैं, वैसा पहले कभी नहीं हुआ। आज दुनिया की नजर भारत पर है, आज दुनिया जानना चाहती है, What India Thinks Today.

|

साथियों,

भारत आज, वर्ल्ड ऑर्डर में सिर्फ पार्टिसिपेट ही नहीं कर रहा, बल्कि फ्यूचर को शेप और सेक्योर करने में योगदान दे रहा है। दुनिया ने ये कोरोना काल में अच्छे से अनुभव किया है। दुनिया को लगता था कि हर भारतीय तक वैक्सीन पहुंचने में ही, कई-कई साल लग जाएंगे। लेकिन भारत ने हर आशंका को गलत साबित किया। हमने अपनी वैक्सीन बनाई, हमने अपने नागरिकों का तेज़ी से वैक्सीनेशन कराया, और दुनिया के 150 से अधिक देशों तक दवाएं और वैक्सीन्स भी पहुंचाईं। आज दुनिया, और जब दुनिया संकट में थी, तब भारत की ये भावना दुनिया के कोने-कोने तक पहुंची कि हमारे संस्कार क्या हैं, हमारा तौर-तरीका क्या है।

साथियों,

अतीत में दुनिया ने देखा है कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद जब भी कोई वैश्विक संगठन बना, उसमें कुछ देशों की ही मोनोपोली रही। भारत ने मोनोपोली नहीं बल्कि मानवता को सर्वोपरि रखा। भारत ने, 21वीं सदी के ग्लोबल इंस्टीट्यूशन्स के गठन का रास्ता बनाया, और हमने ये ध्यान रखा कि सबकी भागीदारी हो, सबका योगदान हो। जैसे प्राकृतिक आपदाओं की चुनौती है। देश कोई भी हो, इन आपदाओं से इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान होता है। आज ही म्यांमार में जो भूकंप आया है, आप टीवी पर देखें तो बहुत बड़ी-बड़ी इमारतें ध्वस्त हो रही हैं, ब्रिज टूट रहे हैं। और इसलिए भारत ने Coalition for Disaster Resilient Infrastructure - CDRI नाम से एक वैश्विक नया संगठन बनाने की पहल की। ये सिर्फ एक संगठन नहीं, बल्कि दुनिया को प्राकृतिक आपदाओं के लिए तैयार करने का संकल्प है। भारत का प्रयास है, प्राकृतिक आपदा से, पुल, सड़कें, बिल्डिंग्स, पावर ग्रिड, ऐसा हर इंफ्रास्ट्रक्चर सुरक्षित रहे, सुरक्षित निर्माण हो।

साथियों,

भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए हर देश का मिलकर काम करना बहुत जरूरी है। ऐसी ही एक चुनौती है, हमारे एनर्जी रिसोर्सेस की। इसलिए पूरी दुनिया की चिंता करते हुए भारत ने International Solar Alliance (ISA) का समाधान दिया है। ताकि छोटे से छोटा देश भी सस्टेनबल एनर्जी का लाभ उठा सके। इससे क्लाइमेट पर तो पॉजिटिव असर होगा ही, ये ग्लोबल साउथ के देशों की एनर्जी नीड्स को भी सिक्योर करेगा। और आप सबको ये जानकर गर्व होगा कि भारत के इस प्रयास के साथ, आज दुनिया के सौ से अधिक देश जुड़ चुके हैं।

साथियों,

बीते कुछ समय से दुनिया, ग्लोबल ट्रेड में असंतुलन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी challenges का सामना कर रही है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए भी भारत ने दुनिया के साथ मिलकर नए प्रयास शुरु किए हैं। India–Middle East–Europe Economic Corridor (IMEC), ऐसा ही एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। ये प्रोजेक्ट, कॉमर्स और कनेक्टिविटी के माध्यम से एशिया, यूरोप और मिडिल ईस्ट को जोड़ेगा। इससे आर्थिक संभावनाएं तो बढ़ेंगी ही, दुनिया को अल्टरनेटिव ट्रेड रूट्स भी मिलेंगे। इससे ग्लोबल सप्लाई चेन भी और मजबूत होगी।

|

साथियों,

ग्लोबल सिस्टम्स को, अधिक पार्टिसिपेटिव, अधिक डेमोक्रेटिक बनाने के लिए भी भारत ने अनेक कदम उठाए हैं। और यहीं, यहीं पर ही भारत मंडपम में जी-20 समिट हुई थी। उसमें अफ्रीकन यूनियन को जी-20 का परमानेंट मेंबर बनाया गया है। ये बहुत बड़ा ऐतिहासिक कदम था। इसकी मांग लंबे समय से हो रही थी, जो भारत की प्रेसीडेंसी में पूरी हुई। आज ग्लोबल डिसीजन मेकिंग इंस्टीट्यूशन्स में भारत, ग्लोबल साउथ के देशों की आवाज़ बन रहा है। International Yoga Day, WHO का ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के लिए ग्लोबल फ्रेमवर्क, ऐसे कितने ही क्षेत्रों में भारत के प्रयासों ने नए वर्ल्ड ऑर्डर में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, और ये तो अभी शुरूआत है, ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर भारत का सामर्थ्य नई ऊंचाई की तरफ बढ़ रहा है।

साथियों,

21वीं सदी के 25 साल बीत चुके हैं। इन 25 सालों में 11 साल हमारी सरकार ने देश की सेवा की है। और जब हम What India Thinks Today उससे जुड़ा सवाल उठाते हैं, तो हमें ये भी देखना होगा कि Past में क्या सवाल थे, क्या जवाब थे। इससे TV9 के विशाल दर्शक समूह को भी अंदाजा होगा कि कैसे हम, निर्भरता से आत्मनिर्भरता तक, Aspirations से Achievement तक, Desperation से Development तक पहुंचे हैं। आप याद करिए, एक दशक पहले, गांव में जब टॉयलेट का सवाल आता था, तो माताओं-बहनों के पास रात ढलने के बाद और भोर होने से पहले का ही जवाब होता था। आज उसी सवाल का जवाब स्वच्छ भारत मिशन से मिलता है। 2013 में जब कोई इलाज की बात करता था, तो महंगे इलाज की चर्चा होती थी। आज उसी सवाल का समाधान आयुष्मान भारत में नजर आता है। 2013 में किसी गरीब की रसोई की बात होती थी, तो धुएं की तस्वीर सामने आती थी। आज उसी समस्या का समाधान उज्ज्वला योजना में दिखता है। 2013 में महिलाओं से बैंक खाते के बारे में पूछा जाता था, तो वो चुप्पी साध लेती थीं। आज जनधन योजना के कारण, 30 करोड़ से ज्यादा बहनों का अपना बैंक अकाउंट है। 2013 में पीने के पानी के लिए कुएं और तालाबों तक जाने की मजबूरी थी। आज उसी मजबूरी का हल हर घर नल से जल योजना में मिल रहा है। यानि सिर्फ दशक नहीं बदला, बल्कि लोगों की ज़िंदगी बदली है। और दुनिया भी इस बात को नोट कर रही है, भारत के डेवलपमेंट मॉडल को स्वीकार रही है। आज भारत सिर्फ Nation of Dreams नहीं, बल्कि Nation That Delivers भी है।

साथियों,

जब कोई देश, अपने नागरिकों की सुविधा और समय को महत्व देता है, तब उस देश का समय भी बदलता है। यही आज हम भारत में अनुभव कर रहे हैं। मैं आपको एक उदाहरण देता हूं। पहले पासपोर्ट बनवाना कितना बड़ा काम था, ये आप जानते हैं। लंबी वेटिंग, बहुत सारे कॉम्प्लेक्स डॉक्यूमेंटेशन का प्रोसेस, अक्सर राज्यों की राजधानी में ही पासपोर्ट केंद्र होते थे, छोटे शहरों के लोगों को पासपोर्ट बनवाना होता था, तो वो एक-दो दिन कहीं ठहरने का इंतजाम करके चलते थे, अब वो हालात पूरी तरह बदल गया है, एक आंकड़े पर आप ध्यान दीजिए, पहले देश में सिर्फ 77 पासपोर्ट सेवा केंद्र थे, आज इनकी संख्या 550 से ज्यादा हो गई है। पहले पासपोर्ट बनवाने में, और मैं 2013 के पहले की बात कर रहा हूं, मैं पिछले शताब्दी की बात नहीं कर रहा हूं, पासपोर्ट बनवाने में जो वेटिंग टाइम 50 दिन तक होता था, वो अब 5-6 दिन तक सिमट गया है।

साथियों,

ऐसा ही ट्रांसफॉर्मेशन हमने बैंकिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में भी देखा है। हमारे देश में 50-60 साल पहले बैंकों का नेशनलाइजेशन किया गया, ये कहकर कि इससे लोगों को बैंकिंग सुविधा सुलभ होगी। इस दावे की सच्चाई हम जानते हैं। हालत ये थी कि लाखों गांवों में बैंकिंग की कोई सुविधा ही नहीं थी। हमने इस स्थिति को भी बदला है। ऑनलाइन बैंकिंग तो हर घर में पहुंचाई है, आज देश के हर 5 किलोमीटर के दायरे में कोई न कोई बैंकिंग टच प्वाइंट जरूर है। और हमने सिर्फ बैंकिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का ही दायरा नहीं बढ़ाया, बल्कि बैंकिंग सिस्टम को भी मजबूत किया। आज बैंकों का NPA बहुत कम हो गया है। आज बैंकों का प्रॉफिट, एक लाख 40 हज़ार करोड़ रुपए के नए रिकॉर्ड को पार कर चुका है। और इतना ही नहीं, जिन लोगों ने जनता को लूटा है, उनको भी अब लूटा हुआ धन लौटाना पड़ रहा है। जिस ED को दिन-रात गालियां दी जा रही है, ED ने 22 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक वसूले हैं। ये पैसा, कानूनी तरीके से उन पीड़ितों तक वापिस पहुंचाया जा रहा है, जिनसे ये पैसा लूटा गया था।

साथियों,

Efficiency से गवर्नमेंट Effective होती है। कम समय में ज्यादा काम हो, कम रिसोर्सेज़ में अधिक काम हो, फिजूलखर्ची ना हो, रेड टेप के बजाय रेड कार्पेट पर बल हो, जब कोई सरकार ये करती है, तो समझिए कि वो देश के संसाधनों को रिस्पेक्ट दे रही है। और पिछले 11 साल से ये हमारी सरकार की बड़ी प्राथमिकता रहा है। मैं कुछ उदाहरणों के साथ अपनी बात बताऊंगा।

|

साथियों,

अतीत में हमने देखा है कि सरकारें कैसे ज्यादा से ज्यादा लोगों को मिनिस्ट्रीज में accommodate करने की कोशिश करती थीं। लेकिन हमारी सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में ही कई मंत्रालयों का विलय कर दिया। आप सोचिए, Urban Development अलग मंत्रालय था और Housing and Urban Poverty Alleviation अलग मंत्रालय था, हमने दोनों को मर्ज करके Housing and Urban Affairs मंत्रालय बना दिया। इसी तरह, मिनिस्ट्री ऑफ ओवरसीज़ अफेयर्स अलग था, विदेश मंत्रालय अलग था, हमने इन दोनों को भी एक साथ जोड़ दिया, पहले जल संसाधन, नदी विकास मंत्रालय अलग था, और पेयजल मंत्रालय अलग था, हमने इन्हें भी जोड़कर जलशक्ति मंत्रालय बना दिया। हमने राजनीतिक मजबूरी के बजाय, देश की priorities और देश के resources को आगे रखा।

साथियों,

हमारी सरकार ने रूल्स और रेगुलेशन्स को भी कम किया, उन्हें आसान बनाया। करीब 1500 ऐसे कानून थे, जो समय के साथ अपना महत्व खो चुके थे। उनको हमारी सरकार ने खत्म किया। करीब 40 हज़ार, compliances को हटाया गया। ऐसे कदमों से दो फायदे हुए, एक तो जनता को harassment से मुक्ति मिली, और दूसरा, सरकारी मशीनरी की एनर्जी भी बची। एक और Example GST का है। 30 से ज्यादा टैक्सेज़ को मिलाकर एक टैक्स बना दिया गया है। इसको process के, documentation के हिसाब से देखें तो कितनी बड़ी बचत हुई है।

साथियों,

सरकारी खरीद में पहले कितनी फिजूलखर्ची होती थी, कितना करप्शन होता था, ये मीडिया के आप लोग आए दिन रिपोर्ट करते थे। हमने, GeM यानि गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस प्लेटफॉर्म बनाया। अब सरकारी डिपार्टमेंट, इस प्लेटफॉर्म पर अपनी जरूरतें बताते हैं, इसी पर वेंडर बोली लगाते हैं और फिर ऑर्डर दिया जाता है। इसके कारण, भ्रष्टाचार की गुंजाइश कम हुई है, और सरकार को एक लाख करोड़ रुपए से अधिक की बचत भी हुई है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर- DBT की जो व्यवस्था भारत ने बनाई है, उसकी तो दुनिया में चर्चा है। DBT की वजह से टैक्स पेयर्स के 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा, गलत हाथों में जाने से बचे हैं। 10 करोड़ से ज्यादा फर्ज़ी लाभार्थी, जिनका जन्म भी नहीं हुआ था, जो सरकारी योजनाओं का फायदा ले रहे थे, ऐसे फर्जी नामों को भी हमने कागजों से हटाया है।

साथियों,

 

हमारी सरकार टैक्स की पाई-पाई का ईमानदारी से उपयोग करती है, और टैक्सपेयर का भी सम्मान करती है, सरकार ने टैक्स सिस्टम को टैक्सपेयर फ्रेंडली बनाया है। आज ITR फाइलिंग का प्रोसेस पहले से कहीं ज्यादा सरल और तेज़ है। पहले सीए की मदद के बिना, ITR फाइल करना मुश्किल होता था। आज आप कुछ ही समय के भीतर खुद ही ऑनलाइन ITR फाइल कर पा रहे हैं। और रिटर्न फाइल करने के कुछ ही दिनों में रिफंड आपके अकाउंट में भी आ जाता है। फेसलेस असेसमेंट स्कीम भी टैक्सपेयर्स को परेशानियों से बचा रही है। गवर्नेंस में efficiency से जुड़े ऐसे अनेक रिफॉर्म्स ने दुनिया को एक नया गवर्नेंस मॉडल दिया है।

साथियों,

पिछले 10-11 साल में भारत हर सेक्टर में बदला है, हर क्षेत्र में आगे बढ़ा है। और एक बड़ा बदलाव सोच का आया है। आज़ादी के बाद के अनेक दशकों तक, भारत में ऐसी सोच को बढ़ावा दिया गया, जिसमें सिर्फ विदेशी को ही बेहतर माना गया। दुकान में भी कुछ खरीदने जाओ, तो दुकानदार के पहले बोल यही होते थे – भाई साहब लीजिए ना, ये तो इंपोर्टेड है ! आज स्थिति बदल गई है। आज लोग सामने से पूछते हैं- भाई, मेड इन इंडिया है या नहीं है?

साथियों,

आज हम भारत की मैन्युफैक्चरिंग एक्सीलेंस का एक नया रूप देख रहे हैं। अभी 3-4 दिन पहले ही एक न्यूज आई है कि भारत ने अपनी पहली MRI मशीन बना ली है। अब सोचिए, इतने दशकों तक हमारे यहां स्वदेशी MRI मशीन ही नहीं थी। अब मेड इन इंडिया MRI मशीन होगी तो जांच की कीमत भी बहुत कम हो जाएगी।

|

साथियों,

आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान ने, देश के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को एक नई ऊर्जा दी है। पहले दुनिया भारत को ग्लोबल मार्केट कहती थी, आज वही दुनिया, भारत को एक बड़े Manufacturing Hub के रूप में देख रही है। ये सक्सेस कितनी बड़ी है, इसके उदाहरण आपको हर सेक्टर में मिलेंगे। जैसे हमारी मोबाइल फोन इंडस्ट्री है। 2014-15 में हमारा एक्सपोर्ट, वन बिलियन डॉलर तक भी नहीं था। लेकिन एक दशक में, हम ट्वेंटी बिलियन डॉलर के फिगर से भी आगे निकल चुके हैं। आज भारत ग्लोबल टेलिकॉम और नेटवर्किंग इंडस्ट्री का एक पावर सेंटर बनता जा रहा है। Automotive Sector की Success से भी आप अच्छी तरह परिचित हैं। इससे जुड़े Components के एक्सपोर्ट में भी भारत एक नई पहचान बना रहा है। पहले हम बहुत बड़ी मात्रा में मोटर-साइकल पार्ट्स इंपोर्ट करते थे। लेकिन आज भारत में बने पार्ट्स UAE और जर्मनी जैसे अनेक देशों तक पहुंच रहे हैं। सोलर एनर्जी सेक्टर ने भी सफलता के नए आयाम गढ़े हैं। हमारे सोलर सेल्स, सोलर मॉड्यूल का इंपोर्ट कम हो रहा है और एक्सपोर्ट्स 23 गुना तक बढ़ गए हैं। बीते एक दशक में हमारा डिफेंस एक्सपोर्ट भी 21 गुना बढ़ा है। ये सारी अचीवमेंट्स, देश की मैन्युफैक्चरिंग इकोनॉमी की ताकत को दिखाती है। ये दिखाती है कि भारत में कैसे हर सेक्टर में नई जॉब्स भी क्रिएट हो रही हैं।

साथियों,

TV9 की इस समिट में, विस्तार से चर्चा होगी, अनेक विषयों पर मंथन होगा। आज हम जो भी सोचेंगे, जिस भी विजन पर आगे बढ़ेंगे, वो हमारे आने वाले कल को, देश के भविष्य को डिजाइन करेगा। पिछली शताब्दी के इसी दशक में, भारत ने एक नई ऊर्जा के साथ आजादी के लिए नई यात्रा शुरू की थी। और हमने 1947 में आजादी हासिल करके भी दिखाई। अब इस दशक में हम विकसित भारत के लक्ष्य के लिए चल रहे हैं। और हमें 2047 तक विकसित भारत का सपना जरूर पूरा करना है। और जैसा मैंने लाल किले से कहा है, इसमें सबका प्रयास आवश्यक है। इस समिट का आयोजन कर, TV9 ने भी अपनी तरफ से एक positive initiative लिया है। एक बार फिर आप सभी को इस समिट की सफलता के लिए मेरी ढेर सारी शुभकामनाएं हैं।

मैं TV9 को विशेष रूप से बधाई दूंगा, क्योंकि पहले भी मीडिया हाउस समिट करते रहे हैं, लेकिन ज्यादातर एक छोटे से फाइव स्टार होटल के कमरे में, वो समिट होती थी और बोलने वाले भी वही, सुनने वाले भी वही, कमरा भी वही। TV9 ने इस परंपरा को तोड़ा और ये जो मॉडल प्लेस किया है, 2 साल के भीतर-भीतर देख लेना, सभी मीडिया हाउस को यही करना पड़ेगा। यानी TV9 Thinks Today वो बाकियों के लिए रास्ता खोल देगा। मैं इस प्रयास के लिए बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं, आपकी पूरी टीम को, और सबसे बड़ी खुशी की बात है कि आपने इस इवेंट को एक मीडिया हाउस की भलाई के लिए नहीं, देश की भलाई के लिए आपने उसकी रचना की। 50,000 से ज्यादा नौजवानों के साथ एक मिशन मोड में बातचीत करना, उनको जोड़ना, उनको मिशन के साथ जोड़ना और उसमें से जो बच्चे सिलेक्ट होकर के आए, उनकी आगे की ट्रेनिंग की चिंता करना, ये अपने आप में बहुत अद्भुत काम है। मैं आपको बहुत बधाई देता हूं। जिन नौजवानों से मुझे यहां फोटो निकलवाने का मौका मिला है, मुझे भी खुशी हुई कि देश के होनहार लोगों के साथ, मैं अपनी फोटो निकलवा पाया। मैं इसे अपना सौभाग्य मानता हूं दोस्तों कि आपके साथ मेरी फोटो आज निकली है। और मुझे पक्का विश्वास है कि सारी युवा पीढ़ी, जो मुझे दिख रही है, 2047 में जब देश विकसित भारत बनेगा, सबसे ज्यादा बेनिफिशियरी आप लोग हैं, क्योंकि आप उम्र के उस पड़ाव पर होंगे, जब भारत विकसित होगा, आपके लिए मौज ही मौज है। आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

धन्यवाद।